यमुना एक्सप्रेस-वे पर बनेगा देश का अगला फिनटेक पावरहाउस: 250 एकड़ में ‘फिनटेक पार्क’, बैंकिंग से ब्लॉकचेन तक का मेगा हब

ग्रेटर नोएडा- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार डिजिटल अर्थव्यवस्था की दौड़ में बड़ा दांव खेलने जा रही है। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के सेक्टर-11 में 250 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक ‘फिनटेक पार्क’ विकसित किया जाएगा, जिसे केवल आईटी पार्क नहीं बल्कि एक संपूर्ण फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम के रूप में तैयार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख फिनटेक हब के रूप में स्थापित करना है, जहां बैंकिंग से लेकर ब्लॉकचेन तक की पूरी वैल्यू चेन एक ही परिसर में मौजूद होगी।
प्रस्तावित फिनटेक पार्क में बैंकिंग टेक्नोलॉजी, डिजिटल पेमेंट, इंश्योरटेक, इन्वेस्टटेक, फिनटेक SaaS, इंटरनेशनल मनी ट्रांसफर, डेटा एनालिटिक्स और साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी कंपनियों को जगह दी जाएगी। स्टार्टअप्स से लेकर वैश्विक दिग्गज कंपनियों तक के लिए यह पार्क एक साझा मंच बनेगा, जहां तकनीक, निवेश और इनोवेशन एक साथ आगे बढ़ेंगे। विशेषज्ञों के अनुसार, यह परियोजना उत्तर भारत में फिनटेक सेक्टर का पूरा इकोसिस्टम खड़ा कर सकती है।
इस परियोजना की सबसे बड़ी ताकत इसकी लोकेशन मानी जा रही है। फिनटेक पार्क यमुना एक्सप्रेस-वे से सीधे जुड़ा होगा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बेहद करीब स्थित रहेगा। एयरपोर्ट के चालू होने के बाद इस क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय निवेश हॉटस्पॉट बनने की उम्मीद है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यहां स्थापित कंपनियों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर संचालन में सीधा लाभ मिलेगा, जिससे विदेशी निवेश को भी गति मिलेगी।
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए एक अंतरराष्ट्रीय कंसल्टेंसी एजेंसी को नियुक्त किया गया है, जो इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश मॉडल, रोजगार क्षमता और चरणबद्ध विकास की पूरी रूपरेखा तैयार करेगी। अधिकारियों के मुताबिक, डीपीआर पूरी होते ही निवेशकों के लिए प्लॉट आवंटन और अन्य प्रक्रियाओं का रोडमैप सार्वजनिक किया जाएगा।
योगी सरकार इस फिनटेक पार्क को बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन से जोड़कर देख रही है। डिजिटल फाइनेंस, बैंकिंग टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी, फाइनेंशियल सॉफ्टवेयर और डेटा सेक्टर में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों नए रोजगार अवसर पैदा होने की संभावना है। सरकार का फोकस साफ है—प्रदेश के युवाओं को अब दूसरे राज्यों या देशों में नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में ही वैश्विक स्तर के अवसर मिलें।
आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर के बाद अब फिनटेक पर फोकस कर योगी सरकार यह संकेत दे चुकी है कि उत्तर प्रदेश को केवल परंपरागत उद्योगों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। सेक्टर-11 का फिनटेक पार्क उसी नीति का विस्तार है, जो प्रदेश को भारत के डिजिटल फाइनेंस मैप पर मजबूत और स्थायी पहचान दिलाने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।




