क्रिप्टोकरेंसी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, 11.49 लाख रुपये नकद बरामद

नोएडा – थाना सेक्टर-20 पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद, एक पीएनबी बैंक की चेकबुक, एक डेबिट कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-27 स्थित कैम्ब्रिज स्कूल के पास सर्विस रोड से उमेर खान और अनुराग पारासरी को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी लोगों को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कराने और अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपी उमेर खान (22) सेक्टर-50 नोएडा का निवासी है और बीबीए स्नातक है, जबकि अनुराग पारासरी (22) मूल रूप से बरेली जिले के मीरगंज का निवासी है तथा वर्तमान में सेक्टर-128 नोएडा में रह रहा था। वह बी.कॉम स्नातक है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बैग में रखे 11.49 लाख रुपये नकद, पीएनबी बैंक की चेकबुक, डेबिट कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। मामले में अन्य दो आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
इस संबंध में थाना सेक्टर-20 में मु0अ0सं0 233/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




