Noida: 42 मतदेय स्थलों पर होगी MLC चुनाव की वोटिंग, प्रशिक्षण में गायब रहने वाले 14 कर्मचारियों को CDO की सख्त हिदायत
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रशिक्षण में दोबारा अनुपस्थित रहने या निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में असहयोग करने वाले कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के लिए सोमवार को विकास भवन के सभागार में मतदान कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी मतदान कार्मिक भाल चंद्र त्रिपाठी की उपस्थिति में दो पालियों में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 14 कार्मिक अनुपस्थित रहे।
प्रशिक्षण की पहली पाली में आठ और दूसरी पाली में छह कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इसे गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को 13 अक्तूबर को आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रशिक्षण में दोबारा अनुपस्थित रहने या निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में असहयोग करने वाले कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण में उपस्थित रहना अनिवार्य है।
एमएलसी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के लिए 42 मतदेय स्थल निर्धारित
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए जिले में 42 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में सहायक मतदेय स्थल बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एडीएम अजीत कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में 13 मतदान केंद्रों पर 24 मूल मतदेय स्थल और एक सहायक मतदेय स्थल निर्धारित किया गया है। इस तरह स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 25 मतदेय स्थल होंगे।
वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 13 मतदान केंद्रों पर 13 मूल मतदेय स्थल और चार सहायक मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 17 मतदेय स्थल होंगे। जिला प्रशासन ने बताया कि दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों का निर्धारण निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद किया गया है।




