Noida: MLC की शिक्षक के लिए 53 फीसदी मतदान, स्नातक के लिए 35.31 प्रतिशत जिले में वोटिंग
जिला प्रशासन के अनुसार, निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जनपद में 13 मतदान केंद्रों पर कुल 42 मतदेय स्थल बनाए गए थे।

गौतमबुद्धनगर में विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिले में स्नातक निर्वाचन के मुकाबले शिक्षक निर्वाचन में अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। स्नातक सीट पर 35.31 प्रतिशत, जबकि शिक्षक सीट पर 52.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जनपद में 13 मतदान केंद्रों पर कुल 42 मतदेय स्थल बनाए गए थे। मतदान के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिम्मेदारियां निभाईं।
शिक्षक निर्वाचन में 6,907 मतदाताओं ने डाले वोट
जनपद में स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 12,754 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 4,503 मतदाताओं ने मतदान किया। इस तरह स्नातक निर्वाचन में कुल 35.31 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, शिक्षक निर्वाचन में पंजीकृत 13,104 मतदाताओं में से 6,907 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शिक्षक निर्वाचन में मतदान का प्रतिशत 52.71 रहा। शिक्षक निर्वाचन में स्नातक निर्वाचन की तुलना में मतदान प्रतिशत अधिक रहा। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान संपन्न होने के बाद अब प्रत्याशियों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं।
27 अक्टूबर को मेरठ में होगी मतगणना
विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतगणना 27 अक्टूबर को मेरठ में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी। मतगणना की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत संपन्न होगी। इसके साथ ही प्रत्याशियों के चुनावी परिणाम को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी।
मतदान केंद्रों पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी
मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को गौतमबुद्धनगर में प्रशासन और पुलिस की निगरानी जारी रही। पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) रुड़की परिसर, नोएडा के सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज और सेक्टर-39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय समेत विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के संचालन, केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार मतदान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।




