मेट्रो कैलेंडर विवाद में शासन का बड़ा एक्शन, नोएडा प्राधिकरण से हटाए गए अधिकारी, लखनऊ अटैच

नोएडा – नोएडा मेट्रो से जुड़े कैलेंडर विवाद के मामले में शासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी को उनके पद से हटा दिया है। लंबे समय से नोएडा प्राधिकरण में OSD (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) पद पर तैनात महेंद्र प्रसाद को तत्काल प्रभाव से नोएडा प्राधिकरण से हटाकर लखनऊ स्थित मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।
यह कार्रवाई उस समय सामने आई है, जब नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) के आधिकारिक कैलेंडर में फोटो प्रकाशित करने को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। आरोप है कि कैलेंडर में परंपरा और प्रशासनिक प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री की फोटो लगाए जाने के बजाय संबंधित अधिकारी ने अपनी ही फोटो प्रकाशित करवा दी थी। मामला सामने आने के बाद शासन स्तर पर इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के रूप में देखा गया।
सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही यह मामला उच्च स्तर तक पहुंचा, तुरंत रिपोर्ट तलब की गई और प्रारंभिक जांच के बाद महेंद्र प्रसाद को नोएडा प्राधिकरण से हटाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद उन्हें लखनऊ मुख्यालय से अटैच कर दिया गया, ताकि मामले की निष्पक्ष समीक्षा की जा सके।
गौरतलब है कि महेंद्र प्रसाद इससे पहले भी नोएडा मेट्रो में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर पद से हटाए जा चुके हैं। इसके बावजूद वे लंबे समय से OSD पद पर तैनात थे। इस घटनाक्रम ने प्रशासनिक हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, इस पूरे प्रकरण में नोएडा प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारियों की भूमिका को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। विशेष रूप से CEO स्तर पर किसी भी तरह की कार्रवाई न होने से चर्चाएं तेज हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि कैलेंडर जैसे आधिकारिक दस्तावेज को अंतिम स्वीकृति किस स्तर से दी गई थी।
फिलहाल, शासन स्तर पर मामले की समीक्षा जारी है और संकेत मिल रहे हैं कि जांच के दायरे में अन्य अधिकारियों को भी लिया जा सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आगे इस मामले में और क्या कार्रवाई होती है।




