Noida: दिवाली पर बदली परिवारों की तकदीर, होमस्टे पर घर बैठे हो रही कमाई
खास बात यह रही कि पर्यटकों ने होटलों के बजाय स्थानीय परिवारों की ओर से संचालित होमस्टे में भी ठहरने में रुचि दिखाई।

नोएडा/लखनऊ। अयोध्या में दीपोत्सव की भव्यता ने इस बार पर्यटन के साथ स्थानीय कारोबार को भी नई रफ्तार दी है। रामनगरी में 36 लाख दीपों की रोशनी और 2100 ड्रोन के भव्य शो को देखने के लिए देशभर से पर्यटक पहुंचे। एक से सात नवंबर के बीच करीब 15 लाख पर्यटकों ने अयोध्या का रुख किया। वहीं, करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सीधा फायदा होटल और होमस्टे कारोबार को मिला। दीपोत्सव के दौरान कई होमस्टे पूरी तरह बुक रहे और संचालकों की कमाई में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।
खास बात यह रही कि पर्यटकों ने होटलों के बजाय स्थानीय परिवारों की ओर से संचालित होमस्टे में भी ठहरने में रुचि दिखाई। इससे स्थानीय लोगों को घर बैठे रोजगार और अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिला। पिछले वर्ष दीपोत्सव के दौरान सात दिनों में आठ लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे थे, जबकि इस बार यह आंकड़ा करीब 15 लाख तक पहुंच गया। रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी पांच लाख से बढ़कर करीब 10 लाख हो गई।
जंक्शन (बीएंडबी) की संचालक राजकुमारी तिवारी ने बताया कि उनके पति के सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद होमस्टे परिवार की आय का महत्वपूर्ण जरिया बना है। दीपोत्सव के दौरान सभी कमरे बुक रहे। केरल और तमिलनाडु से आए पर्यटकों ने यहां ठहराव किया। इससे परिवार की आमदनी बढ़ने के साथ उनके पति को भी सेवानिवृत्ति के बाद सक्रिय रहने का अवसर मिला है।
पर्यटन से स्थानीय परिवारों को मिल रहा रोजगार
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव केवल आस्था और संस्कृति का पर्व नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने का माध्यम भी बन रहा है। अयोध्या में होमस्टे के प्रति पर्यटकों का बढ़ता रुझान बताता है कि पर्यटन का लाभ अब स्थानीय परिवारों तक पहुंच रहा है। लोग अपने घरों में पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने के साथ दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं।
पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि अयोध्या में होमस्टे पर्यटन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं। इनके जरिए पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और रहन-सहन को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। वहीं, स्थानीय परिवारों की आय बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
दीपोत्सव के दौरान होमस्टे कारोबार को मिली सफलता ने यह संकेत दिया है कि अयोध्या में धार्मिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं।




