Greater Noida: कैमिकल कंपनी में लगी भीषण आग, ड्रम फटने की तेज आवाज से मचा हड़कंप
पेंट और थिनर जैसे ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण कंपनी में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे कंपनी में रखे कैमिकल से भरे ड्रम फटने लगे।

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इंडस्ट्रियल एरिया के साइट—4 स्थित कलरटेक पॉलिमर्स कंपनी में बुधवार को भीषण आग लग गई। जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। कंपनी में पेंट, थिनर और रेजिन का बड़े पैमाने पर निर्माण होता है, जिसके चलते आग ने चंद मिनटों में ही पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
पेंट और थिनर जैसे ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण कंपनी में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे कंपनी में रखे कैमिकल से भरे ड्रम फटने लगे। कंपनी में उठती ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार की वजह से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आसमान में दूर-दूर तक काले बादल छा गए हैं। सूचना मिलते ही बीटा-2 कोतवाली पुलिस फोर्स और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। आसपास की कंपनियों को अहतियात के तौर पर खाली करा दिया गया।
सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां और कुछ निजी दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। कंपनी बंद होने के कारण अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ है। प्रदीप कुमार ने पुष्टि की है कि आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। केमिकल और तैयार माल जलने से भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान है।



