रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ सीटू का विरोध, आंदोलन की चेतावनी

नोएडा – घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में हाल ही में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) जिला गौतमबुद्धनगर ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन ने केंद्र सरकार के इस निर्णय को आम जनता, मजदूरों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया है।
सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने जारी बयान में कहा कि सरकार ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की वृद्धि कर दी है। नई दरों के अनुसार दिल्ली में सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है, जबकि नोएडा में इसकी कीमत 939.50 रुपये पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले मार्च माह में भी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार और तेल कंपनियों के घाटे का हवाला देकर बार-बार कीमतें बढ़ाना आम उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ है। पेट्रोल और डीजल के दामों में हालिया बढ़ोतरी तथा सीएनजी की कीमतों में वृद्धि ने पहले ही लोगों का घरेलू बजट प्रभावित कर रखा है।
सीटू ने सरकार से मांग की है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर बढ़ाए गए 29 रुपये तत्काल वापस लिए जाएं, पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी के दायरे में लाकर कीमतों को नियंत्रित किया जाए, उज्ज्वला योजना सहित सभी उपभोक्ताओं के लिए गैस सब्सिडी बहाल की जाए तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी नीति बनाई जाए।
गंगेश्वर दत्त शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जनविरोधी फैसले वापस नहीं लिए तो सीटू मजदूरों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के साथ मिलकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगा।




