Noida: बेंगलुरु को उड़ान भरने वाले विमान को केंद्रीय मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी, श्रीनगर के लिए करना होगा इंतजार
इतिहास रचने को तैयार नोएडा एयरपोर्ट कल पहली बार यात्रियों को लेकर विमान लखनऊ से आएगा।

जेवर की धरती से सोमवार को इतिहास रचा जाएगा। सोमवार को यात्रियों को लेकर इंडिगो की पहली फ्लाइट लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट पर सुबह 8.05 मिनट पर पहुंचेगी। वहीं, बेंगलुरु के लिए पहली फ्लाइट एयरपोर्ट के लिए रवाना होगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू उसे हरी झंडी दिखाएंगे।
इतिहास रचने को तैयार नोएडा एयरपोर्ट कल पहली बार यात्रियों को लेकर विमान लखनऊ से आएगा। पहली बार यात्रियों से भरा विमान नोएडा एयरपोर्ट की जमीन पर लैंड करेगा सुबह करीब 8:05 पर लखनऊ से उड़ान भरकर इंडिगो एयरलाइन की पहली फ्लाइट जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी।इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली है।
लखनऊ से यह फ्लाइट सुबह करीब 7.30 टेक ऑफ करेगी और लगभग 1 घंटे के सफर के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करेगी फ्लाइट में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से जुड़े अधिकारी जनप्रतिनिधि और अन्य विशेष यात्री शामिल होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, यह उड़ान एयरपोर्ट की तैयारी और संचालन व्यवस्था को रखने के लिहाज से बेहद अहम होगी।
फ्लाइट के उतरने के बाद यात्रियों की एंट्री सुरक्षा जांच लगेज सिस्टम टर्मिनल सुविधाओं और अन्य सेवाओं को परखा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि पहले दिन इंडिगो अपनी फ्लाइट का संचालन करेगी। नोएडा एयरपोर्ट का IATA कोड DXN निर्धारित किया गया है। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद पश्चिम उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर के लाखों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
अधिकारी के अनुसार, शुरुआती चरण में नोएडा एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों को प्राथमिकता दी जाएगी। 15 जून को लखनऊ और बेंगलुरु की फ्लाइट शुरू होगी जबकि 16 जून से हैदराबाद जम्मू और अमृतसर जैसे शहरों से कनेक्टिविटी शुरू करने की तैयारी है। आने वाले समय में यहां से बरेली, नवी मुंबई श्रीनगर, जयपुर, भोपाल, चंडीगढ़, किशनगढ़ और देहरादून समेत कई शहरों के लिए भी उड़ान सेवा शुरू होने की योजना है।
उद्यमियों को दी जाएगी निवेश की जानकारी
लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट आने वाली पहली फ्लाइट में केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री अन्य नेता और विमानन के वरिष्ठ अधिकारियों समेत उद्यमी भी शामिल है। सीआरसी ने इस विमान की 75 सीटें बुक की है, जिस पर उद्यमियों को लखनऊ से एयरपोर्ट लाकर शहर में हो रहे निवेश की जानकारी से अवगत कराया जाएगा।
नोएडा एयरपोर्ट के लिए चलेंगी 110 बसें
नोएडा एयरपोर्ट के लिए ट्रांसपोर्ट सेवा को भी मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाए जा रहे है। इसी के चलते सोमवार से सिटी बसों की संख्या बढ़ाकर 110 कर दी गई है। सड़कों पर उतरने वाली बसों का संचालन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में होगा। इनमें नोएडा से 50, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में 30-30 बसें चलाई जाएगी।
एयरपोर्ट के आस—पास बढ़ाई गई सुरक्षा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट के बाहर 26 पॉइंट पर पुलिस बल तैनात किए गए है। एयरपोर्ट संचालन को देखते हुए यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की पहचान और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।




