Noida: न्यूज चैनल की एंकर को मिली जान से मारने की धमकी, लोकेशन ट्रैक करने जैसे गंभीर आरोप
दर्ज मुकदमे के मुताबिक, बीते एक माह से एंकर रूबिका लियाकत के मोबाइल नंबर पर अंजान मोबाइल नंबरों से कॉल आ रही है।

नोएडा के सेक्टर-45 में रहने वाली मशहूर न्यूज एंकर रुबिका लियाकत को जान से मारने की धमकी मिल रही है। एंकर के पति की तहरीर पर सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रुबिका एक न्यूज चैनल की वाइस प्रेसीडेंट और कार्यकारी संपादक है।
दर्ज मुकदमे के मुताबिक, बीते एक माह से एंकर रूबिका लियाकत के मोबाइल नंबर पर अंजान मोबाइल नंबरों से कॉल आ रही है। कॉल करने वाले लोग उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। धमकियों की वजह से पूरा परिवार दहशत में है। धमकी देने वाले लोग एंकर रूबिका लियाकत की आने-जाने और विभिन्न स्थानों पर मौजूदगी से जुड़ी जानकारी भी साझा कर रहे हैं। उनकी लोकेशन ट्रैक की जा रही है।
शिकायत में कहा गया है कि लगातार मिल रही धमकियां न केवल उनके जीवन के लिए खतरा हैं बल्कि उनके पेशेवर दायित्वों का पालन करने में समस्या आ रही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि धमकी देने वाले मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कराई जाए। इसके लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन विश्लेषण, डिजिटल फॉरेंसिक जांच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान की जाए।



