Noida: मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, 500 से ज्यादा व्यंजनों का लगाया भोग, 12 प्रकार के केक
मंगल आरती में मंदिर का पूरा हॉल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। सीढ़ियों तक भक्तों की भीड़ दिखाई दी। अखंड हरिनाम संकीर्तन ने जन्माष्टमी के माहौल को और खास बना दिया।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही भक्त मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए पहुंच रहे है। शहर के इस्कॉन मंदिर में करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। भजन-कीर्तन, जयकारों और हरिनाम संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय रहा।
मंगल आरती में मंदिर का पूरा हॉल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। सीढ़ियों तक भक्तों की भीड़ दिखाई दी। अखंड हरिनाम संकीर्तन ने जन्माष्टमी के माहौल को और खास बना दिया। आधी रात तक मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही और भक्ति कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए है। जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण के लिए विशेष भोग तैयार किया गया। मंदिर में 500 से ज्यादा तरह के व्यंजनों का भोग लगाया गया।
इसके अलावा 12 से ज्यादा तरह के केक तैयार किए गए। इस दौरान भजनों पर भक्त झूमते हुए नजर आए। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए श्रद्धालुओं के साथ विदेशी भक्त भी जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विशेष पूजा और आरती के साथ जन्माष्टमी का मुख्य आयोजन किया गया।
नोएडा के प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर समेत सभी प्रमुख मंदिरों में भक्तों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिरों में वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए है। वहीं सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व बेहद धूमधाम और भव्य रूप से मनाया जा रहा है।
बडी संख्या में श्रध्दालु मंदिर पर पहुंच रहे है. मंदिर को को वृंदावन और दिल्ली समेत कई जगहों से मंगाए गए देशी-विदेशी ताजे फूलों जैसे गुलाब, चंपा, चमेली, जूही, ऑर्किड और कॉर्नेशन से सजा गया है. रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से पूरा परिसर जगमग रहा है।




