ग्रेटर नोएडा: स्कॉर्पियो में खून से लथपथ मिला प्रॉपर्टी डीलर, हत्या या आत्महत्या? पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी

ग्रेटर नोएडा – सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक स्कॉर्पियो कार से प्रॉपर्टी डीलर का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक चालक सीट पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हत्या, आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात लेपर्ड टीम डेल्टा-3 नियमित गश्त के दौरान ओ ब्लॉक स्थित सर्विस रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे एक स्कॉर्पियो संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। वाहन की आगे और पीछे की लाइटें जल रही थीं, लेकिन काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं होने पर पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ।
पुलिस ने चालक को आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद वाहन का दरवाजा खोलने पर चालक सीट पर एक युवक खून से लथपथ अचेत अवस्था में मिला। उसके पास एक अवैध तमंचा भी पड़ा था। पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से रक्त के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था, जिसके सीने से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से एक अवैध असला भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने मृतक की पहचान मिग्सन सोसायटी में किराये पर रहने वाले शिवराज के रूप में की है, जो प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे। पुलिस उनकी कॉल डिटेल, पारिवारिक और व्यावसायिक संबंधों के साथ-साथ घटना से पहले की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित एंगल पर गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले के जल्द खुलासे के लिए सभी उपलब्ध साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण कराया जा रहा है।



