Noida News: महापंचायत को लेकर भाकियू लोकशक्ति की बैठक, 17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर पहुंचने का ऐलान

नोएडा – भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को सदरपुर स्थित सोम बाजार कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में 17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर प्रस्तावित किसानों की महापंचायत को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने आरोप लगाया कि सरकार और गौतमबुद्धनगर के तीनों प्राधिकरण किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के कार्य लगातार लंबित पड़े हैं और प्रशासन की कार्यशैली तानाशाहीपूर्ण हो गई है।
उन्होंने बताया कि किसानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में 17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर महापंचायत आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब किसान अपनी मांगों को लेकर आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। इस महापंचायत को भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज का भी पूर्ण समर्थन प्राप्त है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नोएडा क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता महापंचायत में शामिल होंगे तथा किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
बैठक में चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर, शिवकुमार बैसोया, चौधरी महेश तंवर, धर्मराज बैसोया, अजब सिंह भाटी, विजयपाल भाटी, राजकुमार मोनू, सुनील बैसोया, महेश बैसोया, सुधीर ठाकुर, जीत सिंह, कुलदीप, अरविंद गौतम, धनंजय, पुष्पेंद्र, प्रमोद बैसला सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




