Greater Noida News: छात्रों के समर्थन में जंतर-मंतर जा रहे भाकियू (मुलायम) जिलाध्यक्ष बिन्नू भाटी नजरबंद, संगठन ने जताया विरोध

ग्रेटर नोएडा: छात्रों के समर्थन में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे भारतीय किसान यूनियन (मुलायम) के गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष बिन्नू भाटी को शुक्रवार तड़के पुलिस ने उनके ग्राम बिसरख स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया। संगठन का आरोप है कि भारी पुलिस बल ने सुबह उनके घर को चारों ओर से घेर लिया और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।
भारतीय किसान यूनियन (मुलायम) के अनुसार, बिन्नू भाटी छात्रों के मुद्दों और उनके अधिकारों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर जाने वाले थे। संगठन का कहना है कि प्रशासन की इस कार्रवाई से कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
बिन्नू भाटी ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं और किसानों की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वे छात्रों और युवाओं के अधिकारों के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से जंतर-मंतर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर पर ही नजरबंद कर दिया। उनका कहना है कि पुलिस कार्रवाई से संगठन का मनोबल कमजोर नहीं होगा और छात्रों व किसानों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
भारतीय किसान यूनियन (मुलायम) ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए इसे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार पर रोक बताया है। संगठन ने कहा कि वह छात्रों और किसानों से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाता रहेगा।



