उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादले; लखनऊ, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई अहम पदों पर नई तैनाती

लखनऊ – उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 15 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल में कई अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), पुलिस महानिरीक्षक (IG), पुलिस आयुक्त (CP) और पुलिस अधीक्षक (SP) स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, मधु अशोक जैन को गोरखपुर जोन के एडीजी पद से स्थानांतरित कर पुलिस महानिदेशक (DG), अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, मुख्यालय लखनऊ नियुक्त किया गया है। वहीं अमरेन्द्र के. सेंगर को पुलिस आयुक्त, लखनऊ के पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक, अभिसूचना बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें पुलिस महानिदेशक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
राम कुमार को एडीजी लॉजिस्टिक्स से स्थानांतरित कर एडीजी गोरखपुर जोन बनाया गया है। नवीन अरोरा को एडीजी तकनीकी सेवाओं से एडीजी वाराणसी जोन की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पीयूष मोर्डिया को एडीजी वाराणसी जोन से पुलिस आयुक्त, प्रयागराज नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में भगवान स्वरूप श्रीवास्तव को एडीजी अभिसूचना से एडीजी तकनीकी सेवाएं बनाया गया है। डॉ. संजीव गुप्ता को उनके वर्तमान दायित्व के साथ एडीजी लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सरकार ने तरुण गाबा को एडीजी सुरक्षा से स्थानांतरित कर पुलिस आयुक्त, लखनऊ नियुक्त किया है। वहीं धर्मवीर को आईजी होमगार्ड्स से आईजी पीएसी पूर्वी जोन, प्रयागराज भेजा गया है।
मोहित गुप्ता को सचिव (गृह), उत्तर प्रदेश शासन के पद से आईजी भ्रष्टाचार निवारण संगठन नियुक्त किया गया है। विनोद कुमार सिंह को डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद से आईजी विशेष जांच बनाया गया है, जबकि जोगेन्द्र कुमार को पुलिस आयुक्त, प्रयागराज से आईजी पीटीएस, मुरादाबाद भेजा गया है।
इसके अलावा आनंद सुरेशराव कुलकर्णी को आईजी भ्रष्टाचार निवारण संगठन से सचिव (गृह), उत्तर प्रदेश शासन नियुक्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। अनुप कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक, आर्थिक अपराध शाखा (EOW), लखनऊ तथा आनंद कुमार को पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत, पुलिस महानिदेशक मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश सरकार का कहना है कि इन तबादलों का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सुचारु बनाना है, ताकि कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।



