Noida: नोएडा एयरपोर्ट क्षेत्र में बारिश से आफत, गड्ढ़े होने से महिलाओं से भरा ई-रिक्शा पलटा, सरकारी दफ्तरों के बाहर हालत खस्ता
खुर्जा पुल की सर्विस रोड पर बारिश के बाद सड़क पर हुए गड्ढ़े में भरे पानी की वजह से महिलाओं से भरा एक ई-रिक्शा पलट गया।

गुरुवार देर रात और शुक्रवार को हुई बारिश ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पोल खोलकर रख दी है। सेक्टर और सोसाइटियों को छोड़ दिया जाए तो सरकारी दफ्तर तक भी जलभराव की वजह से व्यवस्था चरमरा गई है। सड़कों पर हुए जलभराव की वजह से निवासियों का निकलना तक दूभर हो गया है। यहां तक की नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र में भी विकास की पोल खुल गई है। खुर्जा पुल की सर्विस रोड पर सड़क में हुए गड्ढ़े आफत साबित हो रहे है। गड्ढ़े होने से निकलना परेशानी का सबब बन रहा है।
खुर्जा पुल की सर्विस रोड पर बारिश के बाद सड़क पर हुए गड्ढ़े में भरे पानी की वजह से महिलाओं से भरा एक ई-रिक्शा पलट गया। लोगों ने तुरंत सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिलाओं और चालक को चोटें आई है। जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि जेवर क्षेत्र में शुक्रवार को टूटी सड़कें और उनमें हुए गड्ढ़े की वजह से यह हादसा हुआ है। इलाके के लोगों ने बताया कि महीनों से सड़क टूटी हुई है और यहां गड्ढ़े हो गए हैं। बारिश में इनका और ज्यादा बुरा हाल हो गया है।
सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के नजदीक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला उपभोक्ता आयोग के कार्यालय के बाहर सड़कें पानी से लबालब नजर आई। यह हाल तब है कि जिलाधिकारी दफ्तर बिल्कुल इनके नजदीक है। आरोप है कि पानी निकासी के उचित इंतजाम न होने की वजह से जलभराव होता है। अधिवक्ता आदित्य भाटी ने बताया कि जिला उपभोक्ता आयोग के दफ्तर के सामने पानी भरने से शुक्रवार को न्यायाधीश खुद भी गंदे पानी से गुजरते हुए नजर आए।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी बारिश की वजह से सड़कें बेहाल नजर आई। चार मूर्ति गोलचक्कर के पास टूटी सड़क होने के कारण जल भराव की समस्या का कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। चार मूर्ति चौक से पर्थला फ्लाई ओवर तक वाहनों की लंबी कतारें नजर आई। जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।



