Noida: किसान नेताओं को राकेश टिकैत की सलाह, अधिकारियों के पास बैठने से 40 गज का प्लॉट मिल सकता है, भला नहीं
राकेश टिकैत ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत है। अगर किसानों की आवाज नहीं सुनी गई तो वह प्राधिकरण का काम रोकेंगे।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के ऐलान केे बाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण पर किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान जिले के तीनों प्राधिकरण पर एकत्रित हुए। जिसमें भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शामिल हुए। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
राकेश टिकैत ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत है। अगर किसानों की आवाज नहीं सुनी गई तो वह प्राधिकरण का काम रोकेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को उनका हक मिलना चाहिए। टिकैत ने कहा कि किसानों को 10 प्रतिशत प्लॉट और 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा देना ही होगा। किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत ने मोर्चा खोलते हुए नोएडा अथॉरिटी के दफ्तर पर आयोजित महापंचायत में पहुंचे। इससे पहले वह ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के दफ्तर पर आयोजित धरने में शामिल हुए।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि तीनों प्राधिकरण के अधिकारियों से बातचीत न होने तक कोई समाधान नहीं निकलने वाला है। यमुना प्राधिकरण के बाहर भी किसान सड़क पर धरने पर बैठे। इस दौरान वहां जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं।
राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों को पुलिस की लाठियों, आंसू गैस के गोले से नहीं डरना है, बल्कि आर—पार की लड़ाई लड़नी होगी। तभी किसान जागेगी। उन्होंने किसानों और कार्यकर्ताओं को भी अधिकारियों के पास न बैठने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अधिकारी सिर्फ 40 से 50 गज का भूखंड दिलवा सकते है, उससे नुकसान किसानों का होगा। साथ ही दिल्ली के निकट नोएडा में अब भारतीय किसान यूनियन का केंद्र होगा।




