Noida: क्रिकेट के विवाद में गोली मारने वाले हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मारी गोली, भाई व अन्य के साथ मिलकर जमकर की थी फायरिंग
कार्गों टी पॉइंट के पास पुलिस की एक टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक बाइक पर दो युवक आते हुए दिखाई दिए।

रबूपुरा कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच कार्गो टी पॉइंट के पास मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान क्रिकेट खेलने के विवाद में दो को गोली मारने वाला आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ है। कॉम्बिंग के दौरान पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से चोरी की यामाहा आर—15 बाइक और दो तमंचा व कारतूस बरामद किए है।
एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि कार्गों टी पॉइंट के पास पुलिस की एक टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक बाइक पर दो युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह उन्होंने बाइक को मोडकर भागने का प्रयास किया। बाइक गिरने के बाद बदमाशों ने खुद को घिरता देखकर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त गोली लगने के कारण घायल हो गया। घायल की पहचान पुलिस ने मुरादगढ़ी गांव निवासी बंटी उर्फ मलिंगा पुत्र भोजराज के रुप में की है। वहीं, उसके भाई बबलू को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है। बंटी हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। क्रिकेट मैच खेलने के दौरान दोनेां पक्षों में विवाद हुआ था। 12 अगस्त को मुरादगढ़ी गांव में विवाद के चलते आरोपियों ने हीरी और मनीष को गोली मारकर घायल कर दिया था।




