Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू, लखनऊ का होगा यह किराया
पहली फ्लाइट 15 जून को लखनऊ से नोएडा के लिए सुबह 7:05 बजे उड़ान भरेगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनउ, बंगलूरु समेत 16 से अधिक शहरों के लिए जल्द ही उड़ानें शुरू होगी। 15 जून से पहली फ्लाइट लखनउ से नोएडा, नोएडा से लखनउ के लिए जाएगी। वीरवार से घरेलू उड़ानों के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। एयरपोर्ट से अभी 3 एयरलाइंस इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा का करार हुआ है।
पहली फ्लाइट 15 जून को लखनऊ से नोएडा के लिए सुबह 7:05 बजे उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट 8:06 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी। यात्री एक घंटे में लखनऊ से नोएडा पहुंच सकेंगे। इसका किराया 5,492 रुपए होगा। नोएडा से लखनऊ तक का किराया 5,401 रुपए होगा। यह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का तीसरा एयरपोर्ट होगा। इंडिगो 15 जून से नए एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन करने वाली पहली एयरलाइन बनेगी।
इंडिगो चरणबद्ध तरीके से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भारत के 16 से अधिक शहरों से सीधे जोड़ेगी। इनमें बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख महानगरों के साथ-साथ अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, लखनऊ, नवी मुंबई, पंतनगर और श्रीनगर जैसे टियर-2 और टियर-3 शहर शामिल हैं। यह पहल भारत के एविएशन नेटवर्क को मजबूत करने और NCR आने-जाने वाले यात्रियों को अधिक विकल्प एवं बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने की इंडिगो की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इन उड़ानों की बुकिंग इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल पार्टनर्स के माध्यम से धीरे-धीरे शुरू की जा रही है। भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट घरेलू और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। इस एयरपोर्ट को सड़क और रेल संपर्क के साथ एकीकृत मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के विजन के तहत विकसित किया गया है, जिससे दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।


