Noida: नवरात्रि पर रहे सावधान, खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी घी, मूंगफली और साबूदाना किया सीज
जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट, चिपियाना बुजुर्ग, पतवाड़ी और नोएडा के सेक्टर-104 स्थित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की

नवरात्रि से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के चलते छापेमारी अभियान चलाया। शुक्रवार को अलग-अलग प्रतिष्ठानों से सात खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। गुणवत्ता खराब, मिलावटी और ब्रांडेड प्रतीत होने पर 90 किलोग्राम मूंगफली दाना, 33 किलोग्राम साबूदाना और 24.5 लीटर घी सीज किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट, चिपियाना बुजुर्ग, पतवाड़ी और नोएडा के सेक्टर-104 स्थित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि इकोटेक-3 स्थित सेरेलेक प्राइवेट लिमिटेड की निर्माणशाला से गाय के घी का नमूना लिया गया। चिपियाना बुजुर्ग के सोनू किराना स्टोर से व्रत के आटे और लाला जय सिंह किराना स्टोर से मूंगफली दाने का नमूना लिया गया। यहां मूंगफली दाने की गुणवत्ता खराब प्रतीत होने पर करीब 40 किलोग्राम माल सीज किया गया।
इसी तरह पतवाड़ी स्थित विकास ट्रेडिंग कंपनी से मूंगफली दाने का नमूना लेकर करीब 50 किलोग्राम माल सीज किया गया। नोएडा के सेक्टर-104 स्थित आरएम नोएडा हाइपरमार्केट से साबूदाना और घी के नमूने लिए गए। यहां करीब 33 किलोग्राम साबूदाना और 24.5 लीटर घी को प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं मिस ब्रांडेड प्रतीत होने के कारण सीज किया गया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित बालाजी किराना स्टोर से भी मूंगफली दाने का नमूना लिया गया।




