Noida: सड़क सुरक्षा के लिए पूरे माह चलेगा विशेष अभियान, जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर पूरे नवंबर महीने में यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।

नोएडा में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह-2026 का शुभारंभ किया गया। सेक्टर-108 स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्मार्ट बनें, सुरक्षा चुनें’ रखी गई है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर पूरे नवंबर महीने में यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक वॉलंटियर्स, एंजेल्स और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रमों के साथ सघन चेकिंग भी की जाएगी।
कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं, यातायात पुलिस की ओर से लगाए गए स्टॉल पर स्पीड रडार, डेसीबल मीटर और बॉडी वार्न कैमरों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
सेक्टर-108 से निकली जागरूकता रैली हाजीपुर चौक, बॉटनिकल गार्डन और सेक्टर-18 होते हुए सेक्टर-14ए पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।




