Noida: तीन करोड़ से रोशन होगा टेकजोन-4 और छपरौला आरओबी, तीन माह में लगेंगी हाईमास्ट लाइटें
इसके साथ ही आरओबी से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-91 तक लिंक रोड पर 132 एलईडी स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जल्द ही छपरौला रेलवे ओवरब्रिज और उसके आसपास सात हाईमास्ट लाइटें लगाने जा रहा है, जिससे आरओबी पर अंधेरा खत्म हो जाएगा। लंबे समय से लोग इसकी मांग कर रहे थे। इसके साथ ही आरओबी से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-91 तक लिंक रोड पर 132 एलईडी स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। वहीं टेकजोन-4 में भी 561 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें जल्द लगाई जाएंगी।
ये सभी स्ट्रीट लाइटें 24 और 30 मीटर रोड पर लगेंगी। दरअसल, छपरौला रेलवे ओवरब्रिज और राष्ट्रीय राजमार्ग-91 के लिंक रोड पर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट न लगी होने से अंधेरा रहता है, जिससे हादसे की आंशका बनी रहती है। पुलिस की तरफ से भी इस रास्ते पर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाने का सुझाव दिये गये हैं। टेकजोन-4 की 24 और 30 मीटर रोड पर भी आसपास के लोग स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग कर रहे हैं। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने इन दोनों जगहों पर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग को तत्काल हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए।
विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के डिवीजन वन की तरफ से दोनों ही स्थानों पर टेंडर निकाल दिया है। एक से डेढ़ माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू हो जाएगा और लगभग तीन माह में दोनों कार्य संपन्न हो जाएंगे। इन दोनों ही कार्यों पर लगभग 3 करोड रुपए खर्च होंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने दोनोें स्थानों पर तय समय में हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश दिए।




