नोएडा न्यूज – सेक्टर-105 में श्री कृष्ण जी की छठी का भव्य आयोजन, सैकड़ों महिलाओं ने लिया हिस्सा

नोएडा। सेक्टर-105 स्थित श्री कल्याण सुंदरम शिव मंदिर में आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के तत्वावधान में भगवान श्री कृष्ण जी की छठी का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेक्टर की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मंदिर परिसर को फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत बाल गोपाल श्री कृष्ण के विशेष श्रृंगार, दर्शन एवं पूजन के साथ हुई। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर सोहर और भजनों की प्रस्तुतियों पर नृत्य किया। मंदिर परिसर में ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्री कृष्णा’ के जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान श्री कृष्ण का छठी पूजन संपन्न कराया गया। पूजन के बाद श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी-चावल और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने सेक्टरवासियों एवं श्रद्धालुओं को श्री कृष्ण छठी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सेक्टर की महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए मातृशक्ति का विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति और उत्साह ने आयोजन को विशेष बना दिया।



