Noida: UPI पर सरचार्ज बढ़ाए जाने का शुरू हुआ विरोध, व्यापारियों पर आर्थिक मार पड़ने से बढ़ेंगी महंगाई!
विकास जैन ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश छोटे और मध्यम व्यापारियों के कारोबार में मुनाफे का मार्जिन पहले ही काफी कम हो चुका है।

यूपीआई भुगतान पर सरचार्ज लगाए जाने की चर्चाओं के बीच उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने इसका कड़ा विरोध किया है। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि देश में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों ने खुले मन से यूपीआई को अपनाया है। ऐसे में यूपीआई लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से व्यापारियों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा।
विकास जैन ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश छोटे और मध्यम व्यापारियों के कारोबार में मुनाफे का मार्जिन पहले ही काफी कम हो चुका है। कई क्षेत्रों में व्यापारी महज 2–3 प्रतिशत के मार्जिन पर कारोबार करने को मजबूर हैं। ऐसे में डिजिटल भुगतान पर सरचार्ज लगाए जाने से सीधा असर व्यापारी की कमाई पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार डिजिटल भुगतान आम नागरिक और व्यापारी को सुविधाओं के लिए लेकर आई थी।
व्यापारी पहले ही महंगाई, किराए, कर्मचारियों के वेतन और अन्य व्यावसायिक खर्चों का सामना कर रहा है। ऐसे में यूपीआई पर अतिरिक्त शुल्क उसकी कमर तोड़ने का काम करेगा। विकास जैन ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में ऑनलाइन कारोबार के साथ-साथ परंपरागत बाजारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। स्थानीय बाजार केवल खरीद-बिक्री के केंद्र नहीं हैं, बल्कि लाखों परिवारों की आजीविका उनसे जुड़ी हुई है।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि यूपीआई व्यवस्था को सरल और कम लागत वाली बनाए रखा जाए तथा छोटे व्यापारियों पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय बोझ न डाला जाए।



