सेक्टर 105-108 में अतिक्रमण और सुरक्षा को लेकर RWA ने उठाई आवाज, पुलिस सत्यापन व गश्त की मांग

नोएडा – सेक्टर 105 और 108 में अवैध अतिक्रमण, निर्माण सामग्री से सड़क अवरुद्ध होने, खुले पड़े गैर-आवंटित दुकानों, बाहरी श्रमिकों के पुलिस सत्यापन और सफाई व्यवस्था को लेकर आरडब्ल्यूए ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। सेक्टर 105 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
आरडब्ल्यूए के अनुसार, दोनों सेक्टरों के प्रवेश द्वारों के बाहर ठेले, रेहड़ी-पटरी और दुकानों के कारण सुबह से देर रात तक ऑटो, ई-रिक्शा व अन्य वाहनों का जमावड़ा रहता है। सेक्टर 108 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिगंबर चौधरी द्वारा भी ऐसी समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें दर्ज कराने की बात कही गई है।
सेक्टर के भीतर निर्माण स्थलों पर सड़क और नालियों पर रोड़ी, बजरी, सीमेंट व सरिया रखने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। नालियां अवरुद्ध होने से जलभराव की समस्या भी सामने आ रही है। निर्माण स्थलों के आसपास झुग्गी-झोपड़ियों और बाहरी श्रमिकों के रहने को लेकर भी आरडब्ल्यूए ने चिंता जताई है।
सेक्टर 105 की कमर्शियल मार्केट में कई गैर-आवंटित दुकानों के शटर खुले रहने और वहां आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड उपलब्ध न होने का मुद्दा भी उठाया गया है। आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण से ऐसी दुकानों को तत्काल बंद कराने की मांग की है।
सुरक्षा के मद्देनजर दोनों सेक्टरों के जर्जर कंप्लीशन हाउसों और निर्माण स्थलों पर रहने वाले बाहरी श्रमिकों व किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने की मांग की गई है। साथ ही बाहरी सर्विस रोडों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
दिव्य कृष्णात्रेय ने फोनरवा की पुलिस कमिश्नर के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों को आरडब्ल्यूए के साथ संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन सेक्टर 105 के निवासियों के साथ अभी तक उच्च पुलिस अधिकारियों की बैठक नहीं हो सकी है।
आरडब्ल्यूए ने अतिक्रमण हटाने, निर्माण सामग्री हटाने, गैर-आवंटित दुकानों पर कार्रवाई, सर्विस रोड की सफाई और किरायेदारों व श्रमिकों का पुलिस सत्यापन कराने की मांग की है। साथ ही डीसीपी, एसीपी और पुलिस बल द्वारा महीने में कम से कम एक बार सेक्टर में पैदल गश्त किए जाने की मांग भी रखी गई है।




