नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के पहले एग्जिट पर साइन बोर्ड गायब, हादसे का खतरा

नोएडा – नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले मार्ग के पहले एग्जिट पॉइंट पर दिशा-सूचक साइन बोर्ड नहीं होने से हादसे की आशंका बनी हुई है। यह एग्जिट सेक्टर-105, सेक्टर-108, एटीएस हेमलेट, गेझा, भगेल और आसपास की कई ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों की ओर जाता है।
सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के अनुसार, इस एग्जिट से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। पहले यहां सेक्टर-105 और 108 की दिशा बताने वाला स्पष्ट साइन बोर्ड लगा हुआ था, लेकिन आरोप है कि व्यावसायिक विज्ञापन लगाए जाने के दौरान मूल दिशा-सूचक बोर्ड को हटा दिया गया।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर वाहन तेज गति से चलते हैं। ऐसे में एग्जिट की जानकारी समय पर नहीं मिलने से चालक अचानक ब्रेक लगाने या लेन बदलने के लिए मजबूर हो सकते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। खासकर बाहरी शहरों से आने वाले वाहन चालकों को इस समस्या का अधिक सामना करना पड़ सकता है।
दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा प्राधिकरण से सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध विज्ञापन और पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा से अपील की कि प्रथम एग्जिट पॉइंट पर जल्द से जल्द बड़ा, स्पष्ट और रिफ्लेक्टिव दिशा-सूचक बोर्ड लगाया जाए।
आरडब्ल्यूए ने कहा कि साइन बोर्ड लगने से वाहन चालकों को समय रहते एग्जिट की जानकारी मिल सकेगी और यातायात सुरक्षा बेहतर होगी। क्षेत्रीय निवासियों ने भी प्राधिकरण से मामले में शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।



