Noida: देश की आजादी के समय के बिहारी लाल इंटर कॉलेज की जमीन पर कब्जे की कोशिश, भूमाफियाओं पर कार्रवाई की मांग
जिलाधिकारी को भेजे पत्र के अनुसार, कॉलेज की मुख्य इमारत करीब 78 वर्ष पुरानी है और वर्ष 1948 से यहां शिक्षण कार्य संचालित हो रहा है।

दनकौर के बिहारी लाल एंग्लो संस्कृत हाईस्कूल एसोसिएशन इंटर कॉलेज की कृषि विद्यालय की जमीन पर कथित रूप से कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। कॉलेज के प्रबंधक मनोज गोयल ने जिलाधिकारी को पत्र देकर क्षतिग्रस्त बाउंड्री को पुलिस सुरक्षा में दोबारा बनवाने और आरोपी भूमाफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी को भेजे पत्र के अनुसार, कॉलेज की मुख्य इमारत करीब 78 वर्ष पुरानी है और वर्ष 1948 से यहां शिक्षण कार्य संचालित हो रहा है। पत्र में बताया गया है कि कॉलेज की कृषि विद्यालय की जमीन खसरा संख्या 1705 समेत कई अन्य खसरों से संबंधित है। इस जमीन को लेकर वर्ष 1992 में चकबंदी न्यायालय में भी वाद चला था, जिसमें कॉलेज के पक्ष में आदेश पारित होने का उल्लेख किया गया है।
कॉलेज प्रबंधक का आरोप है कि 19 सितंबर 2026 को कुछ भूमाफिया ने कृषि विद्यालय की जमीन की बाउंड्री तोड़कर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। घटना की शिकायत उसी रात अधिकारियों और दनकौर कोतवाली पुलिस से फोन के माध्यम से की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कब्जे की कोशिश को रोक दिया, लेकिन बाउंड्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
आरोप है कि 22 सितंबर को राजे प्रधान निवासी गांव नवादा और रवि नागर निवासी गांव जुनैदपुर कुछ लोगों के साथ विद्यालय पहुंचे और प्रधानाचार्य महकार सिंह को कथित रूप से धमकाया। आरोपितों ने दो दिन बाद दोबारा काम शुरू करने की बात कही। कॉलेज प्रबंधन ने इस संबंध में भी कार्रवाई की मांग की है।
प्रबंधक मनोज गोयल ने डीएम से क्षतिग्रस्त बाउंड्री को पुलिस बल की सुरक्षा में पुनर्निर्मित कराने तथा आरोपित भूमाफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।




