Noida: एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला ने दिखाई छात्रों को अंतरिक्ष से ली गई पृथ्वी की तस्वीरें और वीडियो
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का विद्यार्थियों के साथ संवाद रहा। उन्होंने अपने अंतरिक्ष मिशन के दौरान प्राप्त अनुभवों को प्रतिभागियों के साथ साझा किया।

कासना स्थित जीबीयू में चल रहे मिशन शक्तिसैट के तहत शनिवार को आयोजित ‘स्पेसवॉक’ कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान और यात्रा के अनुभवों से रूबरू होने का मौका मिला। कार्यक्रम में भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, सेशेल्स की प्रथम महिला वेरोनिक हर्मिनी, स्पेस किड्ज इंडिया की संस्थापक एवं सीईओ डॉ. श्रीमथी केसन, IN-SPACe के निदेशक डॉ. विनोद कुमार और जीबीयू के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का विद्यार्थियों के साथ संवाद रहा। उन्होंने अपने अंतरिक्ष मिशन के दौरान प्राप्त अनुभवों को प्रतिभागियों के साथ साझा किया। उन्होंने अंतरिक्ष से पृथ्वी के अद्भुत दृश्यों को दिखाने वाले वीडियो और तस्वीरें भी प्रदर्शित कीं। पृथ्वी को अंतरिक्ष से देखने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष यात्रा केवल वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं, बल्कि मानव जिज्ञासा, अनुशासन, टीमवर्क और निरंतर सीखने की यात्रा है।
शुभांशु शुक्ला ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष तक पहुंचने के लिए केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, समस्या-समाधान की क्षमता और असफलताओं के बावजूद आगे बढ़ने का जज्बा जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वह देश की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार रहें। शुक्ला ने युवाओं के लिए आत्मविश्वास, समस्या-समाधान और असफलताओं के बावजूद आगे बढ़ने की क्षमता को महत्वपूर्ण बताया है।




