Noida: सियाचिन ग्लेशियर बेस कैंप में तैनात फौजी की ‘नाक काटी’, बाइक टकराने के बाद हुआ जमकर हुआ बवाल
अलीगढ़ के बुढ़ाका गांव निवासी रॉकी तालान सेना में तैनात हैं। वर्तमान में उनकी ड्यूटी सियाचिन ग्लेशियर बेस कैंप में है।

जेवर कोतवाली क्षेत्र में बाइक टकराने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि तीन युवकों ने छुट्टी पर घर आए एक फौजी के साथ जमकर मारपीट की। हमलावरों ने नुकीली लोहे की वस्तु से उसकी नाक पर वार कर दिया, जिससे नाक का एक हिस्सा कट गया। इसके बाद उसकी जांघ पर हथौड़े से भी हमला करने का आरोप है। घायल फौजी ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अलीगढ़ के बुढ़ाका गांव निवासी रॉकी तालान सेना में तैनात हैं। वर्तमान में उनकी ड्यूटी सियाचिन ग्लेशियर बेस कैंप में है। वह छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे रॉकी किसी काम से जेवर आए थे। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया है कि जब वह जेवर क्षेत्र में आर एंड आर कॉलोनी के पास पहुंचे, तभी अचानक उनकी बाइक एक युवक से टकरा गई।
बाइक टकराने के बाद रॉकी और युवक के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि देखते ही देखते युवक ने रॉकी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसके दो साथी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तीनों युवकों ने फौजी को घेरकर उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने नुकीली लोहे की वस्तु से उसकी नाक पर वार किया। वार इतना गंभीर था कि उसकी नाक का एक हिस्सा कट गया और वह खून से लथपथ हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने इसके बाद भी मारपीट जारी रखी और उसकी जांघ पर हथौड़े से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से चले गए।
घायल रॉकी ने मामले की शिकायत जेवर पुलिस से की। पुलिस ने उसे उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।




