Noida: दशहरा और मूर्ति विसर्जन पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्ते बंद करते हुए साप्ताहिक बाजार पर भी रहेगी रोक
स्टेडियम में वीआईपी और वीवीआईपी वाहनों के लिए गेट नंबर-7 से प्रवेश और निकास होगा।

दशहरा पर्व पर रामलीला और रावण दहन के आयोजनों को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। 20 अक्टूबर दोपहर दो बजे से रामलीला और रावण दहन का कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, नवरात्र के बाद मूर्ति विसर्जन के चलते 20 और 21 अक्टूबर को भी कई रास्तों पर यातायात बदला जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
नोएडा स्टेडियम के आसपास आठ मार्गों पर प्रतिबंध
सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में रामलीला और रावण दहन के दौरान स्टेडियम चौक, सेक्टर-12/22/56 तिराहा, सेक्टर-10/21 यू-टर्न, सेक्टर-8/10/11/12 चौक, मोदी मॉल चौक, एडोब-रिलायंस चौक और एनटीपीसी अंडरपास के आसपास यातायात प्रतिबंधित रहेगा। सेक्टर-31/25 चौक, जलवायु विहार चौक और मेट्रो अस्पताल चौक से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
रजनीगंधा चौक से सेक्टर-12/22/56 तिराहे की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-10/21 यू-टर्न, जलवायु विहार, निठारी, सेक्टर-31/25 चौक, एनटीपीसी और गिझौड़ होकर जा सकेंगे। सेक्टर-12/22/56 तिराहे से स्टेडियम की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-57 चौराहा, गिझौड़ और सेक्टर-31/25 चौक का इस्तेमाल कर सकेंगे।
स्टेडियम में वीआईपी और वीवीआईपी वाहनों के लिए गेट नंबर-7 से प्रवेश और निकास होगा। पासधारक वाहन गेट नंबर-3 से प्रवेश कर गेट नंबर-4 से बाहर निकलेंगे। सामान्य वाहनों की पार्किंग एडोब कंपनी के पास खाली मैदान में होगी।
सेक्टर-62 और भंगेल में भी बदलेगा रूट
सेक्टर-62 में रामलीला के दौरान सेक्टर-62 पुलिस चौकी से वैल्यू बाजार और फोर्टिस की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर-59 तिराहे (पुराना मामूरा चौक) से भेजा जाएगा। सीडेक सी-32 कंपनी और पीएमओ की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग तय किए जाएंगे।
भंगेल स्थित महर्षि आश्रम रामलीला के दौरान ग्रेट एवेन्यू सोसायटी तिराहे, महर्षि आश्रम चौक, यथार्थ अस्पताल तिराहे और सेक्टर-110 पुलिस चौकी तिराहे से आने वाले वाहनों का रास्ता बदला जाएगा। वाहनों को भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे से होकर गंतव्य तक जाना होगा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में न्यू आदर्श रामलीला, ईकोटेक-12 के चलते एकमूर्ति गोलचक्कर से ग्लैक्सी गोलचक्कर की ओर जाने वाला रास्ता प्रतिबंधित रहेगा। वाहन एकमूर्ति से डी-मार्ट, बिसरख, एसीई और खैरपुर गोलचक्कर होकर जा सकेंगे।
मूर्ति विसर्जन के लिए भी डायवर्जन
20 और 21 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से मूर्ति विसर्जन समाप्त होने तक यमुना नदी के कालिंदी मार्ग, कुलेसरा स्थित हिंडन नदी और किसान चौक के पास यातायात डायवर्जन रहेगा।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से कालिंदी बॉर्डर होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर भेजा जाएगा। ये वाहन डीएनडी या चिल्ला मार्ग से दिल्ली जा सकेंगे। सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
सूरजपुर से कुलेसरा जाने वाले वाहनों को कच्ची सड़क तिराहे से चौगानपुर गोलचक्कर और बिसरख की ओर भेजा जाएगा। फेस-2 से हिंडन नदी जाने वाले वाहन ककराला, सोरखा और बिसरख होकर जा सकेंगे। किसान चौक और पर्थला के बीच भी वाहनों को बिसरख और सोरखा के रास्ते निकाला जाएगा।
साप्ताहिक बाजार बंद रहेंगे
यातायात पुलिस के अनुसार, डायवर्जन के दौरान संबंधित मार्गों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार पूरी तरह बंद रहेंगे। हालांकि, आपातकालीन वाहनों, एंबुलेंस और फायर सर्विस को सुरक्षित निकलने दिया जाएगा।




