Noida: ग्रेनो वेस्ट में पिस्टल और धारदार हथियारों से भाकियू के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री को जान से मारने की कोशिश, साजिश का आरोप
आरोप है कि हमलावरों ने अधिवक्ता को घेरकर उनके साथ मारपीट की और हथियारों के बल पर हत्या करने का प्रयास किया।
चिपियाना में भारतीय किसान यूनियन (एकता शक्ति) के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एवं अधिवक्ता अंकित शर्मा पर पिस्टल और अन्य घातक हथियारों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 4-5 हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें घेरकर मारपीट की और जान से मारने का प्रयास किया। हमले में अधिवक्ता को गंभीर चोटें आई हैं। बिसरख कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायत के मुताबिक, घटना 9 नवंबर को चिपियाना में हुई। आरोपियों में अनुराग पुत्र संजय और नितिन नागर पुत्र रविंद्र उर्फ रम्मी निवासी रोजा याकूबपुर तथा गौतम राणा, कपिल और गौरव निवासी प्यावली के नाम शामिल हैं। आरोप है कि हमलावरों ने अधिवक्ता को घेरकर उनके साथ मारपीट की और हथियारों के बल पर हत्या करने का प्रयास किया। हमले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित और उनके परिवार की जान को खतरा बताया है।
शिकायत में पुलिस से घटना में इस्तेमाल पिस्टल और अन्य हथियार बरामद करने, हमले के पीछे संभावित साजिश की जांच करने तथा आरोपियों के अन्य सहयोगियों की पहचान करने की मांग की गई है। साथ ही अधिवक्ता और उनके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।



