Noida: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए 16 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन, जनवरी को होगी अंतिम मतदाता सूची
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

गौतमबुद्धनगर जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और संशोधन कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र नागरिक 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें सभी दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित और डिजिटल प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची तहसील स्थित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, निर्धारित स्थलों और मतदान केंद्रों पर निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। मतदाता अपने बूथ पर जाकर अपना और परिवार के सदस्यों का नाम सूची में देख सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों पर जनपद के संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान करेंगे। मतदाता सूची में नया नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6, नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 तथा निर्वाचक नामावली में किसी प्रविष्टि में संशोधन, मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन अथवा निवास परिवर्तन के लिए फार्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में 15,27,428 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें नोएडा-61 विधानसभा क्षेत्र में 5,93,236 मतदाता हैं, जिनमें 3,27,446 पुरुष, 2,65,779 महिला एवं 11 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार दादरी-62 विधानसभा क्षेत्र में कुल 6,17,352 मतदाता हैं, जिनमें 3,34,483 पुरुष, 2,82,839 महिला एवं 30 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। वहीं जेवर-63 विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,16,840 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,72,723 पुरुष, 1,44,111 महिला एवं 06 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 8,34,652 पुरुष, 6,92,729 महिला एवं 47 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।



