Noida: यीडा ने 295 किसानों को दिए प्लॉट, आवंटन की प्रक्रिया में लाई जाएगी तेजी
यमुना प्राधिकरण के अनुसार, अब तक 12 हजार किसान भूखंड आरक्षण के पात्र पाए गए हैं।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने किसान आबादी भूखंड आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए खेरलीभाव गांव के 295 किसानों को बड़ी राहत दी है। सोमवार को ड्रॉ के माध्यम से किसानों को उनके भूखंडों के आवंटन पत्र सौंपे गए। इस दौरान तहसीलदार और लेखपाल भी मौजूद रहे। प्राधिकरण ने पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई।
यमुना प्राधिकरण के अनुसार, अब तक 12 हजार किसान भूखंड आरक्षण के पात्र पाए गए हैं। इनमें से 11 हजार किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि 5800 किसानों को भूखंडों के आवंटन पत्र मिल चुके हैं। इसी क्रम में खेरलीभाव गांव के 295 किसानों को ड्रॉ के जरिए भूखंड आवंटित किए गए।
इस मौके पर प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार ने कहा कि शेष पात्र किसानों को भी जल्द उनके भूखंड आवंटित किए जाएंगे। प्राधिकरण की प्राथमिकता है कि किसी भी पात्र किसान को उसके अधिकार से वंचित न रहना पड़े। इसके लिए आरक्षण और आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।
ड्रॉ में भूखंड मिलने पर किसानों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय से आवंटन का इंतजार कर रहे किसानों ने खुशी जताते हुए प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया। किसानों का कहना था कि उन्हें लंबे इंतजार के बाद अपने हक का भूखंड मिलने की प्रक्रिया पूरी होती दिखाई दे रही है।



