Noida: यमुना एक्सप्रेस-वे पर क्रॉस की लिमिट तो घर पहुंचेगा चालान, सर्दियों में घटाई गति, जागरूकता के फैलाने के लिए अभियान
प्राधिकरण की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 15 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है।

सर्दियों में कोहरे के दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की पहल की है। प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड को पत्र लिखकर सात बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसमें वाहनों की अधिकतम गति सीमा घटाने, कोहरे में सुरक्षित सफर के लिए जागरूकता अभियान चलाने और एक्सप्रेसवे पर फॉग लाइट लगाने जैसे उपाय शामिल हैं।
प्राधिकरण की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 15 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है। पिछले वर्ष भी कोहरे के चलते एक्सप्रेसवे पर कई हादसे हुए थे। इसे देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से गति सीमा कम करने का निर्णय लिया गया है। पत्र के अनुसार, कारों और हल्के वाहनों की अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। भारी वाहन 60 किलोमीटर निर्धारित की गई है।
इसके अलावा कोहरे में वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के उपाय बताने के लिए एक्सप्रेसवे के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, टोल प्लाजा और रोड साइड फैसिलिटी पर पंपलेट बांटने के निर्देश दिए गए हैं। टोल प्लाजा पर पीए सिस्टम से लगातार अनाउंसमेंट कराने और रेडियो एफएम के माध्यम से भी जागरूकता संदेश प्रसारित कराने को कहा गया है। एक्सप्रेसवे पर बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाकर वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जानकारी देने की मांग की गई है।
पत्र में शनिवार, रविवार और अवकाश के दिनों में वाहनों की संख्या बढ़ने का जिक्र करते हुए टोल प्लाजा पर अतिरिक्त व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि वाहनों की कतार के कारण पीछे से आने वाले चालकों को परेशानी न हो। साथ ही एक्सप्रेसवे पर लगी रिफ्लेक्टिव टेप की स्थिति सुधारने और तत्काल नई टेप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर फॉग लाइट लगाने तथा कोहरे के दौरान वाहन चालकों को पहले जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन कराने पर भी जोर दिया गया है।
प्राधिकरण ने जेपी इंफ्राटेक को पूर्व में जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और जीरो प्वाइंट से सातवें बिंदु तक सभी सुरक्षा उपायों पर कार्रवाई करने को कहा है। इसका उद्देश्य सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और यात्रियों का सफर सुरक्षित बनाना है।




