Noida: संविधान दिवस पर लखनऊ में होगी बहुजन स्वराज संकल्प महारैली, ASP और AIMIM दिखाएंगे अपनी ताकत
महारैली का उद्देश्य बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक और मजबूत करना तथा सत्ता में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ के माता रमाबाई अंबेडकर मैदान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेतृत्व में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली आयोजित की जाएगी। रैली को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी संबोधित करेंगे। आयोजकों ने देश और प्रदेश से लाखों लोगों के पहुंचने का दावा किया है। वहीं, गौतमबुद्ध नगर से करीब पांच हजार कार्यकर्ता और समर्थक रैली में शामिल होंगे।
रविवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि महारैली का उद्देश्य बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक और मजबूत करना तथा सत्ता में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि रैली को केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के रूप में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी इसे सत्ता परिवर्तन दिवस के रूप में मनाएगी और लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश देगी।
पदाधिकारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और अपराध की घटनाओं से आम जनता परेशान है। सरकारी अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जबकि निजी अस्पतालों में इलाज कराना आम आदमी के लिए मुश्किल होता जा रहा है। शिक्षा व्यवस्था और निजी स्कूलों की महंगी फीस भी गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे को भी अधूरा बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बुलडोजर की कार्रवाई जाति और धर्म देखकर की जा रही है। गरीब, शोषित और वंचित वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करने वाले नेता भाजपा में शामिल होते ही पाक साफ हो जाते हैं। उन्होंने चंदा चोरी और करोड़ों रुपये के घोटालों के आरोप लगाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
पदाधिकारियों ने बताया कि आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। इसका उद्देश्य सामाजिक न्याय, राजनीतिक हिस्सेदारी और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ना है। गांव-गांव नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों को महारैली के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महारैली की घोषणा के बाद चंद्रशेखर आजाद को नोटिस भेजे जा रहे हैं और रैली के प्रचार से जुड़े पोस्टर फाड़े जा रहे हैं। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ है।


