नोएडा सेक्टर-105 के श्री कल्याण सुंदरम शिव मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी विवाह, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-105 स्थित श्री कल्याण सुंदरम शिव मंदिर में शनिवार को माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह उत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंगल गीतों, शंखनाद और जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
पंडित प्रदीप वत्स के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी विवाह की सभी रस्में विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गईं। इस अवसर पर श्रीमती पूजा शर्मा, श्रीमती रानी गौतम, श्रीमती वीना शर्मा और श्रीमती रानी भदौरिया सहित सेक्टर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने मंगल गीत गाए और विवाह की विभिन्न रस्मों में हिस्सा लिया। कन्यादान की रस्म ने आयोजन को भावुक और विशेष बना दिया।
तुलसी विवाह के अनुष्ठान के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे एवं प्रीतिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और आपसी सौहार्द का भी संदेश देखने को मिला।
कार्यक्रम के आयोजक एवं सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री दिव्य कृष्णात्रेय ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तुलसी विवाह हमें भक्ति, सेवा और सामाजिक एकजुटता का संदेश देता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, विश्वास और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण और मंगलकामनाओं के साथ हुआ।




