Noida: ग्रेप-3 में प्रदूषण को खत्म करने की तैयारी, सीईओ ने बैठक कर अधिकारियों को दिए जुर्माना लगाने के निर्देश
प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह ने एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में कहा कि सड़कों के किनारे जहां भी कच्चा मार्ग है, वहां घास लगाएं, ताकि धूल न उड़े।

वायु प्रदूषण के रोकथाम के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मुहिम तेज कर दी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह ने सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। सीईओ ने प्रदूषण रोकने के लिए सभी उपाय करने के साथ ही नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना और जागरुकता के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाने को कहा है।
प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह ने एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में कहा कि सड़कों के किनारे जहां भी कच्चा मार्ग है, वहां घास लगाएं, ताकि धूल न उड़े। मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन से दो शिफ्टों में सड़कों की सफाई कराएं। उन्होंने दिन और रात में सड़कों की सफाई कराने के निर्देश दिए। प्रदूषण के लिहाज से चिंहित सभी हॉट-स्पॉट पर रोकथाम के उपाय करें। उन्होंने एसीईओ के साथ ही महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधकों को खुद भी नियमित विजिट करने को कहा है।
सीईओ ने जरूरत के हिसाब से एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। सीईओ ने ग्रेटर नोएडा में निर्धारित सभी कूड़ा संकलन केंद्रों से नियमित कूड़ा उठवाने और साइटों पर निर्माण सामग्री ढककर रखने को कहा है। डॉ बलकार सिंह ने कहा कि प्रदूषण से संबंधित नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ग्रेटर नोएडा की आरडब्ल्यूए, अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन के ऑफिस सामुदायिक केंद्रों आदि के नोटिस बोर्ड पर पंफलेट चस्पा करें। बल्क वेस्ट जेनरेटरों, स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में एनजीओ के जरिए जागरुकता अभियान चलाएं। डॉ बलकार सिंह ने ग्रेटर नोएडा में ई-चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने और सर्दियों में लकड़ी के अलाव की जगह इलेक्ट्रिक हीटर का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
सीईओ ने हॉर्टिकल्चर वेस्ट को जलाने के बजाय वर्मी कंपोस्ट बनाने पर जोर दिया। हॉर्टिकल्चर या अन्य वेस्ट में आग लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएक्यूएम के निर्देश का पालन सिर्फ सर्दियों में ही नहीं, बल्कि हर समय करना जरूरी है। सीईओ ने साफ कहा कि प्रदूषण रोकने के नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना लगाकर कड़ी कार्रवाई करें। बैठक में महाप्रबंधक एके सिंह और उप महाप्रबंधक विजय रावल सहित सभी वरिष्ठ प्रबंधक व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




