Noida: क्लिनिकल रिसर्च में जिम्स को सम्मान, एथिक्स कमेटी और डॉ. रितु शर्मा को मिला अवार्ड
यह सम्मान उत्तर प्रदेश सरकार के उपक्रम यूपी प्रमोट फार्मा काउंसिल की ओर से क्लिनिकल रिसर्च में उत्कृष्ट योगदान और यूपी-इमरास रिसर्च लीडरबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया।

राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान(जिम्स) ने चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान जिम्स, संस्थान की इंस्टीट्यूशनल एथिक्स कमेटी (आईईसी) और प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. रितु शर्मा को ‘रिसर्च एप्रिसिएशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उत्तर प्रदेश सरकार के उपक्रम यूपी प्रमोट फार्मा काउंसिल की ओर से क्लिनिकल रिसर्च में उत्कृष्ट योगदान और यूपी-इमरास रिसर्च लीडरबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया। 21 नवंबर को लखनऊ के सराका होटल में आयोजित कार्यक्रम में तीनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिम्स को संस्थागत स्तर पर क्लिनिकल रिसर्च में उत्कृष्ट कार्य के लिए, जबकि इंस्टीट्यूशनल एथिक्स कमेटी को शोध के नैतिक मानकों के पालन और अनुसंधान संबंधी कार्यों में बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कार मिला। वहीं, डॉ. रितु शर्मा को क्लिनिकल रिसर्च में उनके व्यक्तिगत योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार ‘प्रैक्टिकल आस्पेक्ट्स ऑफ कंडक्टिंग क्लिनिकल ट्रायल्स’ विषय पर आयोजित कार्यशाला के दौरान प्रदान किए गए। इसका आयोजन यूपी प्रमोट फार्मा काउंसिल और इंडियन सोसाइटी फॉर क्लिनिकल रिसर्च के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।
कार्यशाला में क्लिनिकल ट्रायल के संचालन, साइट प्रबंधन, सुरक्षा रिपोर्टिंग, डेटा प्रबंधन, दस्तावेजीकरण और यूपी-इमरास प्रणाली जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने चर्चा की। जिम्स को एक साथ तीन पुरस्कार मिलना संस्थान में गुणवत्तापूर्ण और नैतिक चिकित्सा अनुसंधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की उपलब्धि माना जा रहा है।




