Noida: नोएडा की अदालत ने अतीक अहमद को ठहराया दोषी, दस साल की सजा और लगाया अर्थदंड
अभियोजन के अनुसार, सुखपाल सिंह 3 नवंबर 2017 की रात गढ़गंगा में स्नान करने के बाद बाइक से अकेले घर लौट रहे थे।

करीब नौ साल पहले गंगा स्नान कर बाइक से घर लौट रहे व्यक्ति को कार में फंसाकर करीब 17 किलोमीटर तक घसीटने और बाद में उसका शव सड़क किनारे फेंकने के मामले में अदालत ने आरोपी को 10 साल के कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अदालत ने संभल के चौधरी सराय निवासी अतीक अहमद को दोषी ठहराते हुए 71 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर आरोपी को साढ़े आठ माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। मामले में टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज अहम साक्ष्य साबित हुई।
अभियोजन के अनुसार, सुखपाल सिंह 3 नवंबर 2017 की रात गढ़गंगा में स्नान करने के बाद बाइक से अकेले घर लौट रहे थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर अगले दिन उनके भाई नरेंद्र और अन्य परिजनों ने तलाश शुरू की। बादलपुर थाना क्षेत्र की धूममानिकपुर चौकी के पास सड़क किनारे उनकी क्षतिग्रस्त बाइक मिली, लेकिन सुखपाल का कोई पता नहीं चला। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 11 बजे किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मारी थी।
छह नवंबर 2017 को बादलपुर थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सड़क दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शुरुआत में पुलिस ने इसे सामान्य सड़क हादसा मानकर जांच की। करीब डेढ़ महीने बाद 18 दिसंबर 2017 को मृतक के भाई नरेंद्र ने तत्कालीन एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि लुहारली टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज में एक टाटा सूमो के नीचे मानव शरीर फंसा दिखाई दे रहा है। आरोप था कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी लाइटें बंद कर दीं और शव को घसीटते हुए आगे ले गया। बाद में उसने शव को सुनसान स्थान पर सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद मामले में गैर इरादतन मानव वध की धारा बढ़ाने की मांग की गई।
बचाव पक्ष ने हादसा बताया, अभियोजन ने रखे 11 गवाह
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 11 गवाह पेश किए। बचाव पक्ष का तर्क था कि यह महज सड़क दुर्घटना थी, जिसे अनावश्यक रूप से गैर इरादतन मानव वध का मामला बना दिया गया। घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है। वाहन की तकनीकी जांच रिपोर्ट में लोहे की रॉड या एंगल का स्पष्ट उल्लेख भी नहीं है। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि शुरुआती शिकायत और बाद के बयानों में कई नई बातें जोड़ी गईं।



