×
उत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगरग्रेटर नोएडानोएडानोएडा वेस्टशिक्षा

ग्रेटर नोएडा: लॉयड के हेल्थ-ए-थॉन 3.0 में जामिया हमदर्द की टीम ‘लैब इन एयर’ बनी चैंपियन, डेंगू जांच करने वाले ड्रोन ने जीता पहला पुरस्कार

25 टीमों ने पेश किए हेल्थकेयर के आधुनिक समाधान, सस्ती दवाओं और चिकित्सा उपकरणों के विकास पर रहा विशेष जोर

ग्रेटर नोएडा। लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एलआईएमटी) के फार्मेसी विभाग के फार्मा रिसर्च एंड इनोवेशन क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय हेल्थकेयर टेक-ए-थॉन ‘हेल्थ-ए-थॉन 3.0’ का 26 नवंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 25 और 26 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के संस्थानों और विश्वविद्यालयों की 25 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जामिया हमदर्द की टीम ‘लैब इन एयर’ ने डेंगू की जांच के लिए टेस्टिंग किट से लैस ड्रोन का मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान हासिल किया।

‘स्मार्ट हेल्थकेयर सॉल्यूशंस: जल्दी पहचान, सटीक उपचार, तेज रिकवरी’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र के विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने वाले तकनीकी नवाचार प्रस्तुत किए। इनमें सस्ती चिकित्सा सुविधाएं, स्मार्ट दवा प्रबंधन, दिव्यांगजनों के लिए सहायक तकनीक और आधुनिक डायग्नोस्टिक सिस्टम प्रमुख रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ 25 नवंबर को दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष मनोहर थिरानी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की संरक्षक एवं लॉयड ग्रुप की ग्रुप डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) वंदना अरोड़ा सेठी ने अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। जिम्स ग्रेटर नोएडा के सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन के सीईओ डॉ. राहुल सिंह और नोएडा बेकर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ गुरदीप सिंह तुली ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।

पहले दिन प्रतिभागियों ने विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के सामने अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके बाद आयोजित ‘क्रिएटिव नाइट’ में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में अपने प्रोटोटाइप और समाधानों को और बेहतर बनाया।

इस दौरान प्रो. (डॉ.) वंदना अरोड़ा सेठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नवाचार का मतलब हमेशा कोई बिल्कुल नया उत्पाद बनाना या स्टार्टअप शुरू करना नहीं है। महंगी दवाओं और चिकित्सा उपकरणों को किफायती बनाना भी समाज के लिए बड़ा योगदान हो सकता है। उन्होंने ओआरएस का उदाहरण देते हुए कहा कि सरल और कम लागत वाले समाधान भी करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रोत्साहित किया।

दूसरे दिन प्रोटोटाइप और मॉडलों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें जामिया हमदर्द की टीम ‘लैब इन एयर’ ने डेंगू जांच किट से लैस ड्रोन का प्रदर्शन किया, जो दूर-दराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच की सुविधा पहुंचाने में उपयोगी हो सकता है। वहीं टीम ‘ब्लाइंडडोज़’ ने दृष्टिबाधित लोगों के लिए स्मार्ट दवा प्रबंधन प्रणाली, जबकि टीम ‘इन्क्लूवा’ ने बधिर और कम सुनने वाले लोगों के लिए विशेष अलर्ट बैंड प्रस्तुत किया।

इसके अलावा टीम ‘वर्चुफार्म’ ने बिना जीवित जानवरों के प्रयोग करने के लिए 3डी वर्चुअल फार्माकोलॉजी सिम्युलेटर प्रदर्शित किया। टीम ‘अविज्ञा’ ने आंखों में आई ड्रॉप डालने के लिए पुन: उपयोग योग्य उपकरण पेश किया। वहीं ‘क्यूर्ज़ेन बायोसॉल्यूशंस’ का वेट मैनेजमेंट सप्लीमेंट ‘ट्रिम 360’ भी आकर्षण का केंद्र रहा। अन्य प्रतिभागी टीमों ने भी हेल्थकेयर से जुड़े विभिन्न तकनीकी समाधान और बिजनेस मॉडल प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), उत्तर प्रदेश के इनोवेशन हब के सीईओ एवं हेड डॉ. महिप सिंह ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप और सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से चयनित स्टार्टअप आइडिया को विभिन्न चरणों में 30 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मिल सकती है। इसमें प्रोटोटाइप विकास, बाजार सहयोग और पेटेंट से संबंधित सहायता शामिल है। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता अपनाने और अपनी तकनीकी क्षमताओं को व्यावहारिक समस्याओं के समाधान में लगाने के लिए प्रेरित किया।

समापन समारोह में विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। जामिया हमदर्द की टीम ‘लैब इन एयर’ को प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये मिले। अमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा की टीम ‘कैटलिस्ट’ ने 10 हजार रुपये के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि लॉयड इंस्टीट्यूट की टीम ‘स्ट्राइव’ को 7,500 रुपये का तीसरा पुरस्कार दिया गया।

इसके अलावा राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गाजियाबाद की टीम ‘वर्चुफार्म’ को 5 हजार रुपये का बेस्ट इनोवेशन अवॉर्ड और एबीईएसआईटी गाजियाबाद की टीम ‘ई-वैद्य’ को 5 हजार रुपये का ‘जेम ऑफ हेल्थ-ए-थॉन 3.0’ पुरस्कार प्रदान किया गया।

संस्थान की ओर से चयनित पेटेंट योग्य विचारों के पेटेंट का खर्च उठाने के साथ ही प्रतिभागियों को एलटीबीआईएफ के माध्यम से इन्क्यूबेशन, इंडस्ट्री कनेक्ट और इन्वेस्टर कनेक्ट के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन इवेंट डायरेक्टर डॉ. सैयद सलमान अली ने किया।

Vishnu Pratap

मेरा नाम विष्णु प्रताप है। मेरा जन्म 18 मई 2004 को उत्तर प्रदेश के एटा जिले में हुआ। पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक करियर नहीं, बल्कि एक जुनून है। वर्तमान में मैं Federal Bharat News में रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हूं। मुझे अंतरराष्ट्रीय संबंध, इतिहास, राजनीति, युद्ध से जुड़ी खबरें, बिज़नेस और NGO से संबंधित विषयों में गहरी रुचि है। खाली समय में मुझे पढ़ना और अपने दोस्तों के साथ समय बिताना अच्छा लगता है।

Vishnu Pratap

मेरा नाम विष्णु प्रताप है। मेरा जन्म 18 मई 2004 को उत्तर प्रदेश के एटा जिले में हुआ। पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक करियर नहीं, बल्कि एक जुनून है। वर्तमान में मैं Federal Bharat News में रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हूं। मुझे अंतरराष्ट्रीय संबंध, इतिहास, राजनीति, युद्ध से जुड़ी खबरें, बिज़नेस और NGO से संबंधित विषयों में गहरी रुचि है। खाली समय में मुझे पढ़ना और अपने दोस्तों के साथ समय बिताना अच्छा लगता है।

Related Articles

Back to top button
Close