Noida: बेटी और दामाद ने विधवा मां के साथ कर दी लाखों की धोखाधड़ी, शक होने पर पहुंची बैंक तो खुला राज
सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने जिला न्यायालय के आदेश पर दर्ज की गई रिपोर्ट के मुताबिक, मुबारकपुर गांव निवासी विमला के पति की मौत हो चुकी है।

ग्रेटर नोएडा में विधवा मां के साथ में उसकी बेटी ने ही लाखों की धोखाधड़ी कर दी। पहले उसकी छह प्रतिशत का प्लॉट बिकवा दिया। उसके बाद पैसों को बैंक में डालने के नाम पर दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिया। पूरा मामला सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। बुजुर्ग विधवा महिला के बैंक खाते से करीब 35 से 40 लाख रुपये का गबन किया गया है। विरोध करने पर बेटी ने अपने पति और दो अन्य के साथ मिलकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। जिला न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने जिला न्यायालय के आदेश पर दर्ज की गई रिपोर्ट के मुताबिक, मुबारकपुर गांव निवासी विमला के पति की मौत हो चुकी है। उसका छह प्रतिशत का एक प्लॉट था। आरोप है कि बेटी कोमल और दामाद नितिन ने उसे बिकवा दिया। आरोप है कि इस दौरान नितिन, कोमल और दादूपुर गांव निवासी नवाब व नरेश ने उनके प्लॉट का बिकवा दिया। साथ ही प्लॉट बेचने के एवज में आने वाली रकम के लिए बैंक में खाता खुलवाया।
आरोप है कि प्लॉट बेचने की एवज में आई रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिया। बुजुर्ग का कहना है कि पासबुक भी उसकी बेटी ने अपने पास रख ली थी। उन्होंने बेटी से पैसों की जानकारी मांगी तो उन्हें टरका दिया गया। पासबुक न मिलने पर उन्हें शक हुआ तो बैंक पहुंचकर जमा रकम की जानकारी मांगी। जहां उन्हें खाते में रकम न होने की जानकारी मिली। उनके खाते में करीब 35 से 40 लाख रुपये जमा थे, जिन्हें ऑनलाइन माध्यम से निकाल लिया गया।



