नोएडा एलिवेटेड रोड पर भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग, क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में देरी पर उठाए सवाल

नोएडा। नोएडा एलिवेटेड रोड पर भारी व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई है। इस संबंध में संस्था CONRWA ने 26 नवंबर 2026 को नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
संस्था ने पत्र में कहा है कि एलिवेटेड रोड के निर्माण के समय से ही इसकी गुणवत्ता और मजबूती को लेकर सवाल उठते रहे हैं। सड़क कई बार क्षतिग्रस्त हो चुकी है और इस संबंध में संस्था पहले भी कई बार प्राधिकरण को पत्र लिखकर अपनी चिंता जता चुकी है। इसके बावजूद भारी व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
संस्था का कहना है कि सड़क के बार-बार क्षतिग्रस्त होने से सरकारी धन की बर्बादी हो रही है और आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। पत्र में सवाल उठाया गया है कि क्या प्राधिकरण किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। संस्था ने मांग की है कि एलिवेटेड रोड पर भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
इसके साथ ही सेक्टर-60 से सेक्टर-18 की ओर आने वाले एलिवेटेड रोड के हिस्से की मरम्मत में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई गई है। संस्था के अनुसार, मरम्मत कार्य के नाम पर इस हिस्से को बंद हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। इसके चलते वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और नीचे की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है।
CONRWA ने प्राधिकरण से एलिवेटेड रोड पर भारी व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी करने के साथ ही पूर्व में भेजे गए पत्रों और सुझावों पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है। संस्था ने उम्मीद जताई है कि प्राधिकरण इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा।



