Noida: ग्रेनो वेस्ट में बुल्डोजर पहुंचने पर मच गया हड़कंप, डूब क्षेत्र में की गई बड़ी कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को बिसरख के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। कालोनाइजर डूब क्षेत्र में बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन मुक्त कराई गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। अगर कोई अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
शुक्रवार को प्राधिकरण के वर्क सर्किल तीन के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र के खसरा संख्या 341 और 357 की जमीन पर अतिक्रमण को ढहा दिया। करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। कालोनी काट रहे कालोनाइजरों को दोबारा अवैध निर्माण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



