Noida: चार दिन में सरकारी कर्मचारियों को जिले में स्व-गणना पूरी करने के निर्देश, सोसाइटियों से लेकर मार्केट तक चलेगा जागरुकता अभियान
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

जनगणना-2027 के तहत जिले में चल रहे स्व-गणना कार्यक्रम को गति देने के लिए जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को एनआईसी सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें सभी विभागों के अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिले में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सभी विभागों के कार्यालय अध्यक्ष अपने यहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। साथ ही नियमित रूप से इसकी प्रगति की समीक्षा भी करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में लगाए गए जिन कर्मचारियों ने अभी तक निर्धारित पोर्टल पर लॉगिन नहीं किया है, वे तत्काल यह प्रक्रिया पूरी कर लें, जिससे आगे की जिम्मेदारियों का समय से निर्वहन हो सके।
बैठक में स्व-गणना के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए हाईराइज सोसाइटियों की आरडब्ल्यूए और एओए, श्रमिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। इन संगठनों के माध्यम से लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक परिवार निर्धारित समयसीमा में अपनी गणना स्वयं पूरी कर सकें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर अभियान में तेजी लाने और प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में यमुना प्राधिकरण के एसीईओ कृष्ण सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव, एडीएम वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




