भीषण गर्मी में कार में आग लगी, गौतमबुद्धनगर की युवती समेत चार जिन्दा जले

मेरठ : मेरठ के कांवड़ पटरी मार्ग पर हरिद्वार से लौट रही एक सेंट्रो कार में भीषण आग लग गयी। कार में आग लगने से चार लोग जिन्दा जल गए। मरने वालों में एक युवती गौतमबुद्धनगर के बादलपुर की रहने वाली थी।
बेहद खौफनाक थी आग से मौत की ये घटना
सिसौला खुर्द कांवड़ पटरी मार्ग पर हुए हादसे का मंजर बेहद खौफनाक था। हादसे के दौरान का दृश्य देखकर हर कोई कांप उठा। फोरेंसिंक टीम को देखने से सामने आया कि कार की आगे की सीट पर बैठा व्यक्ति भी पिछली सीट पर चला गया। लगता है कि उन्होंने पीछे की खिड़की खोलने का प्रयास किया होगा। कार में जिस वक्त आग लगी। सभी लोग चीखने और चिल्लाने लगे, लेकिन चाह कर भी कोई मदद नहीं कर पाया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और जिसने भी कार के अंदर अधजले शव देखे उसकी ही रूह कांप गई। ये दर्दनाक हादसा मेरठ के जानी थाना इलाके के भोला की झाल कावड़ पटरी मार्ग के पास हुआ।
रविवार रात हुआ हादसा
हादसे के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली की तरफ से सेंट्रो कार संख्या डीएल 4सी एपी 4792 हरिद्वार की तरफ से जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चलती कार में अचानक से आग की लपटे उठने लगी। कोई कुछ समझ पाता कि कार रुक गई और आग का गोला बन गई।
पुलिस ने ऐसे की शवों की शिनाख्त
सेंट्रो कार में जलकर हुई चार लोगों की मौत की खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी देहात कमलेश बहादुर मौके पर पहुंचे, उन्होंने बताया कि कार में चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हुई है। कार में सीएनजी लगी थी और संभवत स्पार्किंग या गैस लीक होने से आग लगी होगी। फोरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है, फिर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजेंगे गए, कार के नंबर से परिवार के लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
मरने वालों में ये रहे शामिल
ललित पुत्र स्वर्गीय धर्म सिंह निवासी 241 मानसरोवर पार्क लाल कुआं, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद, उम्र लगभग 20 वर्ष, श्रीमती रजनी पत्नी स्वर्गीय धर्म सिंह उम्र लगभग 40 वर्ष, राधा पुत्री हरि ओम निवासी खेड़ा धरमपुरा, थाना बादलपुर, जनपद गौतम बुध नगर, उम्र लगभग 29 वर्ष, कविता पत्नी बलिराम निवासी ग्राम तिबडा, थाना मोदीनगर, जनपद गाजियाबाद, उम्र लगभग 50 वर्ष




