Noida: कांग्रेस नेताओं ने काले कपड़े पहनकर किया प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका व अन्य को हिरासत में लेने पर जताया विरोध
विरोध केवल नेताओं के साथ हुए व्यवहार तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़ा है।

सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में गुरुवार को कांग्रेसी नेताओं ने काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘वोट चोरी बंद करो’, ‘वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’, ‘लोकतंत्र पर हमला बंद करो’, ‘संविधान का सम्मान करो’ और ‘निर्वाचन आयोग जवाब दो’ जैसे नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने यह प्रदर्शन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं को निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर जंतर-मंतर की ओर बढ़ने के दौरान रोके जाने और हिरासत में लिए जाने के विरोध में किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका विरोध केवल नेताओं के साथ हुए व्यवहार तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़ा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब तथ्यों और पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने वाली महत्वपूर्ण संवैधानिक शक्ति है और उसके सवालों का जवाब राजनीतिक संवाद के जरिए दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसके विश्वास का प्रतीक है। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है, ताकि लोगों का संस्थाओं पर भरोसा कायम रहे। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूचियों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच और निर्वाचन आयोग से उठाए गए सवालों पर तथ्यात्मक जवाब देने की मांग की।



