Noida: ग्रेनो वेस्ट की लॉ रेजिडेंशिया सोसाइटी में फिर किया उल्लू ने हमला, वन विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
सुमिल जलोटा ने बताया कि उल्लूओं के हमले की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम सोसाइटी पहुंची और निरीक्षण किया। टीम ने सोसाइटी परिसर में उल्लुओं के संभावित ठिकानों को देखा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लॉ रेजिडेंशिया सोसाइटी अब निवासियों के लिए आफत साबित होने लगे है। सोसाइटी में बीते चार दिनों से चले आ रहे उल्लूओं के हमला की घटना का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। टावर पांच के पास टहल रहे संदीप कुमार सिंह को उल्लू ने घायल कर दिया। घटना में उनके सिर में चोट आई है। उन्होंने प्राथमिक उपचार कराया है। मामला मीडिया में सामने आने के बाद शनिवार को वन विभाग टीम सोसाइटी पहुंची और निरीक्षण किया।
सुमिल जलोटा ने बताया कि उल्लूओं के हमले की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम सोसाइटी पहुंची और निरीक्षण किया। टीम ने सोसाइटी परिसर में उल्लुओं के संभावित ठिकानों को देखा। निरीक्षण के दौरान टीम को केवल एक उल्लू दिखाई दिया, जबकि अन्य उल्लू नहीं मिले। इसके बाद वन विभाग ने वन्यजीवों के संरक्षण और रेस्क्यू का काम करने वाले सोसाइटी में मौजूद एनजीओ की मदद लेने का निर्णय लिया है।
वन विभाग ने सोसाइटी के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। जिन स्थानों पर उल्लू के हमले की घटनाएं सामने आई हैं, वहां पर्याप्त रोशनी रखने की सलाह दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अंधेरे वाले स्थानों में विशेष सतर्कता बरती जाए और संभव हो तो वहां अधिक लाइटें लगाई जाएं। लोगों से रात में बाहर निकलते समय सिर पर टोपी लगाने की अपील की है। इसके अलावा दो-तीन लोगों के साथ चलने की भी सख्त हिदायत दी गई है।



