Noida: डॉ. महेश शर्मा बोले-30 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में पंडित सुनील भराला पर नहीं लगा कोई दाग
सरदार पटेल के संकल्पों से प्रेरणा लेकर बनाएं ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार एवं स्लम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। साथ ही स्मारिका ‘पटेल प्रेरणा’ का विमोचन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा बतौर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर उन्होंने पंडित सुनील भराला के लंबे सार्वजनिक जीवन और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि करीब 30 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में उनके ऊपर कोई दाग नहीं लगा है।
डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि पंडित सुनील भराला ने लंबे समय से समाज और राष्ट्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। सार्वजनिक जीवन में निरंतर सक्रिय रहते हुए भी उन्होंने अपनी साफ-सुथरी छवि बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि लगभग तीन दशक के सार्वजनिक जीवन में बेदाग रहना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है और यह उनके समर्पण एवं निष्ठा को दर्शाता है।
सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में लौह पुरुष सरदार पटेल की भूमिका ऐतिहासिक और अतुलनीय रही है। उनके दृढ़ संकल्प, राष्ट्रभक्ति और निर्णय क्षमता से आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता के बल पर भारत की एकता को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और एकजुटता के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री परशुराम राष्ट्रीय शोध पीठ के राष्ट्रीय संयोजक वेवव्रत त्यागी ने की। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व को नमन करते हुए कहा कि भारत की एकता अखंडता के लिए सरदार पटेल का योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में भाजपा उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री पंडित सुनील भराला ने सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोने में उनकी भूमिका भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है।
स्मारिका के माध्यम से सरदार पटेल के आदर्शों, उनके राष्ट्रहित से जुड़े विचारों और देश की एकता-अखंडता के लिए उनके योगदान को समाज एवं युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इस अवसर पर भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



