Noida: ब्राह्मण समाज के अपमान पर अखिलेश की पार्टी पर संकट! गौतमबुद्ध नगर बार के अध्यक्ष और सचिव ने छोड़ा सपा का साथ
जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता मनोज भाटी और सचिव शोभाराम चंदीला ने स्वर्ण नगरी स्थित प्रेसक्लब में वार्ता करते हुए कहा कि ऐसे वक्तव्य समाज के हित में नहीं है।

सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के द्वारा ब्राह्मण समाज पर दिए बयान के बाद उनपर चौतरफा हमला शुरू हो गया है। साथ ही विरोध में कार्यकर्ता पार्टी से किनारे करने लगे है। वीरवार को जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी और सचिव शोभाराम चंदीला ने सपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। दोनों ही पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के बयानों से आहत है।
जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता मनोज भाटी और सचिव शोभाराम चंदीला ने स्वर्ण नगरी स्थित प्रेसक्लब में वार्ता करते हुए कहा कि ऐसे वक्तव्य समाज के हित में नहीं है। यह समाज को बांटने की मानसिकता को बढ़ावा देते है। पार्टी प्रवक्ता के बयान के बाद अधिवक्ता समाज के बीच असहज स्थिति पैदा हो रही है। वह जिला बार एसोसिएशन के निर्वाचित पदाधिकारी हैं और वह सर्व समाज एवं समुदायों के साथ समरसता और सम्मान के वातावरण में कार्य करते रहे हैं।
मनोज भाटी सपा की अधिवक्ता सभा में राष्ट्रीय सचिव के पद पर भी कार्यरत थे। जबकि शोभाराम चंदीला लंबे समय से पार्टी से जुड़े पुराने कार्यकर्ता रहे हैं। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं और प्रवक्ताओं द्वारा दिए गए बयान समाज में नकारात्मक माहौल पैदा कर रहे हैं। उन्होंने सपा प्रवक्ता के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी गलत है। बार एसोसिएशन में करीब 700 अधिवक्ता ब्राह्मण समाज से जुड़े हुए हैं। केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि सनातन समाज के अन्य वर्गों में भी इन बयानों को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।




