Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए जाना होगा आसान, तिलपता गोलचक्कर पर बनेगा यूटर्न
चौराहों पर भी ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए सड़क के चौड़ीकरण के साथ ही यूटर्न बनाए जा रहे हैं।

तिलपता गोलचक्कर के दोनों तरफ 130 मीटर रोड पर यूटर्न जल्द बनाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यूटर्न बनाने के लिए टेंडर जारी हो गया है। यह तीन से चार माह में बन जाएगा। दरअसल,130 मीटर रोड ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के बीच आवाजाही के लिए प्रमुख मार्गों में से एक है। नोएडा एयरपोर्ट तक जाने के लिए भी यह बहुत अहम मार्ग है। सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को 130 मीटर रोड को ट्रैफिक जाम से मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। इस पर चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
चौराहों पर भी ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए सड़क के चौड़ीकरण के साथ ही यूटर्न बनाए जा रहे हैं। अब तिलपता गोलचक्कर पर यूटर्न बनने जा रहा है। सीईओ एनजी रवि कुमार ने इसकी मंजूरी दे दी है। यह यूटर्न 130 मीटर रोड पर तिलपता गोलचक्कर से पहले और बाद में (दोनों तरफ) बनेगा। परियोजना विभाग ने इसका टेंडर जारी कर दिया है। वर्क सर्किल-7 को इसे बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। एक माह में टेंडर प्रक्रिया पूरा कर निर्माण शुरू कराने की तैयारी है। निर्माण पूरा होने में तीन से चार माह लगेंगे। इससे तिलपता चौराहे पर भी यातायात सुगम हो जाएगा। एसीईओ सुमित यादव ने इसे तय समयसीमा में बनाने के निर्देश दिए हैं।



